जशपुर। विकासखंड फरसाबहार के व्यापारिक नगर तपकरा अंतर्गत झिलीबेरना में बिजली केबल जल जाने से ग्रामीणों को पिछले तीन दिनों से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल रहने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई थी, वहीं छोटे व्यवसाय भी ठप पड़ गए थे।ग्रामीणों द्वारा लगातार विद्युत विभाग को सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। विभागीय लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों से मदद की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीसी श्रीमती दुर्गावती मनोज नायक ने तत्काल मुख्यमंत्री कैंप में फोन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई।शिकायत मिलते ही मुख्यमंत्री के निज सहायक आकाश गुप्ता ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विद्युत विभाग को निर्देशित किया। इसके बाद मंगलवार को विद्युत विभाग की टीम झिलीबेरना पहुंची और जले हुए केबल को बदलकर नया केबल लगाया, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई।बिजली बहाल होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और मुख्यमंत्री कैंप का आभार व्यक्त किया। इस संबंध में जिला भाजपा कोषाध्यक्ष नटवर मूंदड़ा एवं मंडल अध्यक्ष दिलीप साहू ने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री कैंप हमेशा सक्रिय और सजग रहता है।
