जशपुर। कुनकुरी वन परिक्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 83 वर्षीय बुजुर्ग की जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई। यह घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिलासपुर कुसुमडार की है, जहां एक सामान्य दिन अचानक मातम में बदल गया।जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी बुधनाथ राम चौहान सुबह करीब 10 बजे घर से निकले थे। वे पहले समीप के नाला में नहाने गए और उसके बाद दातुन के लिए नाला किनारे स्थित जंगल की ओर चले गए। इसी दौरान उनका सामना जंगल में मौजूद हाथी से हो गया।प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, जैसे ही बुजुर्ग हाथी के सामने आए, उन्होंने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन उम्र अधिक होने के कारण वे तेज़ी से नहीं भाग सके। तभी हाथी ने उन पर हमला कर दिया और अपनी सूंड़ से उठाकर जोर से पटक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए कुनकुरी अस्पताल भेजा गया, जहां प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।वन विभाग ने तत्काल सहायता के रूप में मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, घटना स्थल के आसपास अभी भी हाथी की मौजूदगी बनी हुई है।ग्रामीणों में दहशत, जंगल जाने पर रोकघटना के बाद गांव में भय का माहौल है। वन विभाग ने मुनादी कर ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की चेतावनी दी है और सतर्क रहने की अपील की है।
