चार राज्यों की जीत का असर: जशपुर में भाजपा का जश्न, गांव-गांव में मना उत्सव तपकरा में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, जीत के जश्न में सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता

जशपुर। चार राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत और पश्चिम बंगाल में शानदार प्रदर्शन के बाद जिले भर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इसी कड़ी में तपकरा बस स्टैंड क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य तरीके से विजय उत्सव मनाया। जिला भाजपा कोषाध्यक्ष नटवर मूंदड़ा एवं मंडल अध्यक्ष दिलीप साहू के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर जीत की खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं। खास बात यह रही कि आम लोगों के बीच झालमुरी बांटकर भी खुशी का इजहार किया गया, जिससे कार्यक्रम में जनसहभागिता और बढ़ गई। पूरे बस स्टैंड क्षेत्र में “भाजपा जिंदाबाद” और “विकास की जीत” जैसे नारों की गूंज सुनाई देती रही।कार्यकर्ताओं ने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह सफलता प्रधानमंत्री के नेतृत्व, केंद्र सरकार की जनहितकारी नीतियों और संगठन की मजबूत रणनीति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की लगातार मेहनत और जनता के विश्वास ने भाजपा को यह बड़ी जीत दिलाई है। विशेष रूप से पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में पार्टी के शानदार प्रदर्शन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया।इस मौके पर केवल तपकरा ही नहीं, बल्कि लावाकेरा, अंकिरा, केरसई सहित मंडल के विभिन्न गांवों में भी भाजपा समर्थकों ने फटाके फोड़कर और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया। शाम होते-होते तपकरा में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता, युवा और आम नागरिक शामिल हुए। शोभायात्रा बस स्टैंड से शुरू होकर मुख्य मार्गों से गुजरते हुए पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बनाती रही।कार्यक्रम में मंडल महामंत्री विनोद पैकरा, राजेश फेंटा चौधरी, भाजयुमो अध्यक्ष आदेश जायसवाल, गोपाल कश्यप सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं वरिष्ठ नेताओं में भरत साय, चरित्र दास बाबा, कपिलेश्वर सिंह, नटवर मूंदड़ा, अवध पाठक, सीताराम गुप्ता और यदुवर गुप्ता सहित अन्य नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।नेताओं ने बताया कि यह जीत केवल भाजपा की नहीं, बल्कि देश की जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विकास कार्यों को और अधिक गति देंगी तथा आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगी। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, ऊर्जा और संगठन की एकजुटता साफ तौर पर देखने को मिली, जिसने इसे एक यादगार विजय उत्सव बना दिया।
