राधा-कृष्ण संकीर्तन में बिखरेगी भक्ति की रसधार, स्वर सजाएंगी शीतल दास और दिव्या दास

जशपुर। दोकड़ा क्षेत्र में आज से आध्यात्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिलेगा। श्री जगन्नाथ मंदिर दोकड़ा स्थापना के प्रथम वर्षगांठ महोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।महोत्सव की शुरुआत गुरुवार 14 मई को भव्य कलश यात्रा एवं अधिवास कार्यक्रम से होगी। इसके बाद 15 मई को सुबह 8 बजे से अखंड हरि नाम कीर्तन महायज्ञ और नामाचार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। वहीं 16 मई को पूर्णाहुति, नगर भ्रमण, दीक्षाभंजन एवं महाप्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।आयोजन में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय की विशेष उपस्थिति रहेगी। इसे लेकर क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखा जा रहा है।मंदिर परिसर को पारंपरिक ओडिशा शैली की झांकियों, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया जा रहा है। आयोजन समिति द्वारा बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।ग्रामीणों का कहना है कि यह महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि क्षेत्र की संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता का बड़ा उत्सव बन गया है।
