
जशपुर। विष्णुदेव साय से रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात कर श्रीमती सुनीति भोय ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर मांग पत्र सौंपा। उन्होंने विशेष रूप से फरसाबहार में उप पंजीयक रजिस्ट्री कार्यालय खोलने की मांग उठाई। सुनीति भोय ने बताया कि वर्तमान में फरसाबहार क्षेत्र के लोगों को रजिस्ट्री कार्य के लिए कुनकुरी पर निर्भर रहना पड़ता है। माटी पहाड़ छर्रा, सागजोर, लावाकेरा सहित कई गांवों के ग्रामीणों को 70 से 75 किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की परेशानी होती है। फरसाबहार में उप पंजीयक कार्यालय खुलने से हजारों किसानों और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।इसके साथ ही मोहल्ला दानीमुंडा एवं सिसरिंगा को राजस्व ग्राम बनाने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई। बताया गया कि पिछले ढाई वर्षों से इस मांग को लेकर संघर्ष किया जा रहा है तथा सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है। अब जिला कलेक्टर कार्यालय द्वारा विभागीय प्रक्रिया तेज गति से चल रही है।प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सात से अधिक सड़कों की स्वीकृति की मांग भी की। इनमें हाथीबेड, तोलमा, दलेसर, खुटसेरा, महुवाडीह, पंडरीपानी, कुल्हारबुड़ा और तेला जैसे क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कें शामिल हैं। मांग पूरी होने पर क्षेत्र में आवागमन और विकास को गति मिलने की बात कही गई।सुनीति भोय ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा कोल्हेंझरिया और जामटोली पंचायत सहित विभिन्न पंचायतों में कई सड़कों की स्वीकृति देना ऐतिहासिक कार्य है। उन्होंने फरसाटोली सीमा से करवारजोर होते हुए लैलूंगा ब्लॉक को जोड़ने वाली सड़क समेत विभिन्न विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।मुख्यमंत्री निवास रायपुर में मांग पत्र सौंपने के दौरान कृष्ण गोपाल यादव, मनोज कुमार रात्रे, मनमोहन यादव सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





