
जशपुर। विकासखंड फरसाबहार के व्यापारिक नगर तपकरा में ग्राम पंचायत द्वारा बनवाई गई सीसी सड़क उद्घाटन से पहले ही भ्रष्टाचार की कहानी बयां करती नजर आ रही है। आम जनता को कीचड़ और खराब सड़क से राहत दिलाने के उद्देश्य से सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण से करीब 12 लाख रुपये की स्वीकृति मिली थी। इसके तहत थाना के सामने से जिम सेंटर तक सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही सड़क जगह-जगह से टूटने लगी है। कई हिस्सों में दरारें भी साफ दिखाई देने लगी हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है, जिसके कारण नई सड़क की हालत कुछ ही दिनों में खराब होने लगी।ग्रामीणों का कहना है कि फरसाबहार विकासखंड का यह प्रमुख ग्राम पंचायत क्षेत्र होने के कारण शासन द्वारा लगातार विकास कार्यों की स्वीकृति दी जाती है, लेकिन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता कमजोर होने से विकास कार्य दम तोड़ते नजर आ रहे हैं। लोगों ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।





