

जशपुर कलेक्टर के सख्त निर्देशों का नहीं हो रहा पालन, बार-बार हिदायत के बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्ता को लेकर विभाग बेपरवाह नजर आ रहे हैं। विकास कार्यों में लगातार लापरवाही और घटिया निर्माण सामने आने से प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी साफ दिखाई दे रही है।
जशपुर। विकासखंड फरसाबहार के व्यापारिक नगर में ग्राम पंचायत द्वारा बनाई गई सीसी सड़क में हुए भ्रष्टाचार की खबर दैनिक जशपुर पोर्टल न्यूज में प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए फरसाबहार सीईओ मिथिलेश पैंकरा ने संज्ञान लिया और आईएस एसडीओ ए. सिद्धकी व इंजीनियरों की टीम को मौके पर जांच के लिए भेजा।जांच के दौरान निर्माणाधीन सड़क कई जगहों से टूटी हुई मिली तथा सड़क में दरारें भी दिखाई दीं। अधिकारियों ने संबंधित ग्राम पंचायत को फटकार लगाते हुए टूट चुकी सड़क को दोबारा गुणवत्तापूर्ण तरीके से बनाने के निर्देश दिए।दरअसल, आम जनता को कीचड़ और खराब रास्ते से राहत दिलाने के उद्देश्य से सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण से करीब 12 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई थी। इस राशि से थाना के सामने मुख्य मार्ग से जिम सेंटर तक सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही सड़क टूटने लगी, जिससे निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण नई सड़क कुछ ही दिनों में बदहाल हो गई।





