
जशपुर। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बालाझार स्थित घोघरा डैम में रविवार दोपहर एक हृदय विदारक हादसा हो गया। डैम में नहाने और कपड़े धोने गई 8 माह की गर्भवती महिला और उसकी 8 वर्षीय मासूम बेटी की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे सुकांती तिग्गा (32 वर्ष) अपनी दो बेटियों के साथ घोघरा डैम गई थीं। सुकांती 8 माह की गर्भवती थीं। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान वह और उनकी छोटी बेटी मीनाक्षी तिग्गा (8 वर्ष) अनजाने में गहरे पानी की ओर चली गईं। अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों डूबने लगीं और मदद के लिए चीख-पुकार मच गई।
हादसे के समय मौके पर मौजूद बड़ी बेटी आराधना तिग्गा (10 वर्ष) ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई। मां और बहन को आंखों के सामने डूबता देख वह घबराई हालत में दौड़ते हुए घर पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण डैम की ओर दौड़ पड़े।
जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते, तब तक मां-बेटी गहरे पानी में समा चुकी थीं। डैम किनारे मृतका के कपड़े, बाल्टी और चप्पलें पड़ी मिलीं। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय सरपंच द्वारा पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। पानी अधिक गहरा होने के कारण शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब शाम 5:30 बजे दोनों शव बरामद कर लिए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया था।इस दर्दनाक हादसे ने मृतका के पति इमानवेल तिग्गा और पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक ही पल में पत्नी, गर्भ में पल रहे बच्चे और मासूम बेटी को खो देने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं, वहीं पूरे बालाझार और तमता क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
