
जशपुर। ग्राम अंकिरा की मुख्य बस्ती में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब रायगढ़ की ओर से आने वाली जय बालाजी यात्री बस गांव के भीतर प्रवेश करते ही नीचे झूल रहे बिजली तार में फंस गई। घटना शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस रोज की तरह गांव से होकर गुजर रही थी, तभी मुख्य बस्ती में सड़क के ऊपर नीचे झूल रहे बिजली तार बस के केबिन हिस्से में फंस गए। अचानक तार फंसते ही बस में बैठे यात्रियों में डर और घबराहट फैल गई। कई यात्री तुरंत बस से उतरने लगे, वहीं आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल पावर हाउस में फोन कर बिजली सप्लाई बंद करवाई। बिजली बंद होने के बाद ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे बिजली तार को निकाला गया। इस पूरी घटना के दौरान करीब आधे घंटे तक बस सड़क पर खड़ी रही।
घटना के समय बस में बैठे यात्री दहशत में नजर आए। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते बिजली बंद नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने गांव में बिजली व्यवस्था की लापरवाही को उजागर कर दिया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लगे बिजली तार वर्षों पुराने और काफी नीचे झूल रहे हैं। सड़क ऊंची हो जाने के कारण बड़े वाहनों के गुजरने में लगातार खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने कई बार विद्युत विभाग से तारों को ऊंचा करने और पुराने तार बदलने की मांग की थी, लेकिन विभाग की उदासीनता के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य बस्ती घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद विभाग द्वारा समय रहते सुधार कार्य नहीं कराया गया। लोगों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण आज बड़ी दुर्घटना होते-होते बच गई।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से गांव के मुख्य मार्ग में झूल रहे बिजली तारों को तत्काल ऊंचा करने, पुराने तार बदलने और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
