रायपुर। आए दिन सड़क दुर्घटना में मालवाहकों में सवार लोगों की मौत की भले ही अनेकोनेक खबर आ जाए, चाहे पुलिस तमाम प्रचार-प्रसार कर ले, लेकिन लोग सुधरने को तैयार ही नहीं हैं. ऐसा ही वाकया रायपुर ग्रामीण इलाके में देखने को मिला, जहां ट्रेलर में पच्चीस-पचास नहीं बल्कि करीबन दो सौ लोगों को बिठाकर चालक बेलगाम दौड़ा रहा था, जिसे चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ा.
रायपुर ग्रामीण के खरोरा थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी चेकिंग के दौरान देखकर हैरान रह गए, जब तेज रफ्तार मालवाहक (ट्रेलर) में दो सौ से भी ज्यादा लोग सवार होकर जा रहे थे. इस पर गाड़ी को रोककर पुलिस ने पूछताछ की, तो गाड़ी का ड्राइवर मौके पर ही पुलिस से हुज्जत करने लगा. इस पर पुलिस ट्रेलर में सवार लोगों के साथ चालक को खरोरा थाने लाई.
