

जशपुर। वन परिक्षेत्र तपकरा अंतर्गत हाथीबेड के बारीकजोर क्षेत्र में लगभग 100 दिनों बाद एक बार फिर हाथियों के दल ने दस्तक दी है। जानकारी के अनुसार 25 जून की मध्य रात्रि करीब 12 बजे 12 हाथियों का दल जंगल में पहुंचा। हाथियों की आमद की सूचना मिलते ही वन विभाग ने आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है और ग्रामीणों को अलर्ट रहने की सलाह दी है।बताया जा रहा है कि इससे पहले हाथियों का यह दल 15 मार्च को इस क्षेत्र से वापस चला गया था। करीब 100 दिनों के अंतराल के बाद हाथियों के लौटने से वन विभाग लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए जरोंडाझरिया, माटीपहारछर्रा सहित आसपास के दर्जनों गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को रात के समय जंगल और खेतों की ओर नहीं जाने, अकेले बाहर नहीं निकलने तथा किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की गई है।वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की निगरानी कर रही है ताकि जनहानि या फसल नुकसान जैसी किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। ग्रामीणों से भी अफवाहों पर ध्यान न देने और वन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
