
जशपुर। शिक्षा के नए सत्र की शुरुआत को यादगार बनाने के उद्देश्य से शनिवार को विकासखंड फरसाबहार के प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला बाबूसाजबहार में शाला प्रवेशोत्सव हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में कक्षा पहली एवं कक्षा छठवीं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों सहित कक्षा 1 से 8 तक के छात्राओं का भी तिलक लगाकर, खजूर के पत्तों से बने आकर्षक मुकुट पहनाकर तथा तालियों की गूंज के बीच आत्मीय स्वागत किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन और अच्छे संस्कारों का महत्व बताया। विद्यालय परिसर बच्चों की मुस्कान और उत्साह से गुलजार नजर आया।इस दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण किया गया। शिक्षकों ने बच्चों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।माध्यमिक शाला की प्रधानपाठिका श्रीमती राखी गुप्ता ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हर बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत का उत्सव है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने सभी पालकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और उनकी शिक्षा में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।कार्यक्रम में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष सुरेश सिंह, संकुल समन्वयक संजय महंत, प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक सत्येंद्र आसनपर, विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने नवप्रवेशी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।
