जशपुर। विकासखंड फरसाबहार के ग्राम अंकिरा में आगामी 26 अप्रैल 2026, दिन रविवार को एक भव्य एवं दिव्य श्री श्याम भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन स्वर्गीय श्री त्रिलोचन सिंह की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी पावन स्मृति में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धांजलि के साथ-साथ भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।इस भव्य भजन संध्या में श्याम भजन की प्रसिद्ध गायिका सुश्री गुनगुन दुबे (प्रभु श्री राम की पावन नगरी अयोध्या से) अपनी मधुर एवं मनमोहक आवाज में श्याम बाबा के भजनों की प्रस्तुति देंगी। उनके भजन श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर देंगे और पूरा वातावरण भक्तिमय होकर श्याम नाम की गूंज से सराबोर हो जाएगा। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर संकीर्तन का आनंद लेंगे और देर रात तक भजनों की धुन पर झूमते नजर आएंगे।यह आयोजन ग्राम अंकिरा के मेला मैदान में रात्रि 8 बजे से प्रारंभ होकर प्रभु इच्छा तक चलेगा। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्याम भक्तों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। आयोजन समिति द्वारा मंच सज्जा, ध्वनि व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं के बैठने सहित सभी आवश्यक तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाया जा सके।इस भजन संध्या का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि अर्पित करना ही नहीं, बल्कि लोगों के बीच भक्ति भाव को जागृत करना और समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक एकता को मजबूत करना भी है। कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धालु श्याम बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करेंगे।कार्यक्रम के आयोजक एवं स्वर्गीय त्रिलोचन सिंह जी के सुपुत्र सागर सिंह (उपाध्यक्ष, भाजपा युवा मोर्चा, मंडल तपकरा) ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं, श्याम भक्तों एवं गणमान्य नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उनके पिता की स्मृति को समर्पित एक विनम्र श्रद्धांजलि है, साथ ही यह भक्ति, प्रेम और आस्था का एक विशाल मंच भी बनेगा, जहां सभी मिलकर श्याम बाबा का गुणगान करेंगे।ग्राम अंकिरा में होने जा रहा यह भव्य श्याम भजन संध्या निश्चित रूप से क्षेत्र के लिए एक यादगार और आध्यात्मिक आयोजन साबित होगा, जिसमें भक्ति की सरिता प्रवाहित होगी और हर कोई श्याम रंग में रंगा नजर आएगा।
