राजनांदगांव। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए डोंगरगढ़ पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने मंदिर में आने वाले दर्शार्थियों से विवाद करने वाले तीन असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।मिली जानकारी के अनुसार 25 मार्च 2026 को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि डोंगरगढ़ में मेला देखने आए श्रद्धालुओं के साथ कुछ युवक अलग-अलग स्थानों पर वाद-विवाद, हल्ला-गुल्ला एवं मारपीट की स्थिति बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को शांति भंग करते हुए पाया।पुलिस ने आरोपियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके नहीं मानने पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए गए। तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126, 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय डोंगरगढ़ में पेश किया गया।कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा लगातार गश्त, पेट्रोलिंग और निगरानी रखी जा रही है।पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए गश्त, नाकाबंदी एवं होटल-ढाबों की नियमित जांच की जा रही है। साथ ही असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
