जशपुर। गुरुवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने गृह क्षेत्र जशपुर जिले के बगिया स्थित निज निवास पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने सबसे पहले निवास परिसर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा और उपस्थित लोगों ने भी श्रद्धा के साथ मां दुर्गा की आराधना की।मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उनके निवास पहुंचने लगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री श्री साय ने आम नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनकी आवश्यकताओं को गंभीरता से समझते हुए समाधान का भरोसा दिलाया।इसी दौरान भाजपा मंडल तपकरा एवं पंडरीपानी से भी बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता बगिया पहुंचे। सभी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर उन्हें चैत्र नवरात्रि एवं रामनवमी की शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं में मुख्यमंत्री से मिलकर उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य आम जनता तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से प्राप्त आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।मुख्यमंत्री के इस दौरे से क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखा गया। लोगों ने मुख्यमंत्री से सीधे संवाद कर अपनी बात रखने का अवसर मिलने पर खुशी जाहिर की और सरकार के प्रति विश्वास व्यक्त किया।
