जशपुर। राम नवमी के पावन अवसर पर विष्णुदेव साय अपने गृह ग्राम बगिया स्थित निज निवास में आयोजित भव्य रामनवमी महायज्ञ में सपरिवार शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ जगज्जननी मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।मुख्यमंत्री ने पूजा के पश्चात देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन किया। परंपरा के अनुसार कन्याओं के चरण पखारकर उन्हें श्रद्धापूर्वक प्रसाद एवं भोजन ग्रहण कराया गया। इस अवसर पर वातावरण पूरी तरह भक्तिमय रहा और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ-हवन संपन्न हुआ।चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर आयोजित यह महायज्ञ वर्ष 1993 से लगातार चला आ रहा है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता को भी मजबूत करता है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस महायज्ञ में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों के सुखद भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आदिशक्ति मां जगदम्बा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और संपन्नता का आशीर्वाद प्रदान करें। उन्होंने सभी नागरिकों के स्वास्थ्य, उन्नति और खुशहाली की भी प्रार्थना की।इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिससे पूरा बगिया क्षेत्र भक्ति और श्रद्धा के रंग में सराबोर नजर आया।
