रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश भाजपा कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित स्मृति मंदिर में भारत माता की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने पार्टी के पितृ पुरुषों एवं विजया राजे सिंधिया की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी और सादर नमन किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अवसर उन महान विभूतियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का है, जिनके त्याग, तप और समर्पण ने भारतीय जनता पार्टी को आज एक विराट वटवृक्ष के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के राष्ट्रवाद एवं अंत्योदय के सिद्धांतों पर चलते हुए भाजपा ने हमेशा ‘Nation First, Party Next, Self Last’ के मूल मंत्र को आत्मसात किया है।उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा, सुशासन, विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के संकल्पों को चरितार्थ करते हुए आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनकर उभरी है, जो विकसित भारत के लक्ष्य की ओर दृढ़ता से अग्रसर है।मुख्यमंत्री ने अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि उनके प्रेरणादायी शब्द “अँधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा” आज देश के चप्पे-चप्पे में साकार हो रहे हैं। इसी अटूट विश्वास और समर्पण के साथ भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुँचाने हेतु निरंतर राष्ट्रसेवा में जुटा हुआ है।
