जशपुर। जशपुर जिले के पूर्व भाजपा विधायक जगेश्वर राम भगत का रविवार को आकस्मिक निधन हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर लगभग साढ़े 3 बजे उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द उठा, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल उनके गृह ग्राम कोमडो से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।बताया जा रहा है कि उन्हें अचानक हृदयाघात (हार्ट अटैक) आया, जिससे उनकी मौत हो गई। स्व. भगत वर्ष 2008 से 2013 तक जशपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके थे। अपने कार्यकाल के दौरान वे अपनी सादगी, सहजता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे। विधायक पद पर रहते हुए भी उन्होंने हमेशा एक आम व्यक्ति की तरह जीवन जिया, जो उनकी खास पहचान रही।उनके आकस्मिक निधन से पूरे जशपुर जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित जिले भर के भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
