जशपुर। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को विकासखंड क्षेत्र के तपकरा मंडल एवं पंडरीपानी मंडल में उत्साह और गरिमा के साथ कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों और कार्यालयों में भाजपा का ध्वजारोहण कर संगठन के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
तपकरा मंडल द्वारा समरसता भवन, तपकरा में स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य (डीडीसी) वेद प्रकाश भगत उपस्थित रहे। साथ ही भाजपा जिला कोषाध्यक्ष नटवर मूंदड़ा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमंती साय, डॉ. अजय शर्मा, जिला शिक्षा प्रकोष्ठ संयोजक रामनिवास गुप्ता, मंडल अध्यक्ष दिलीप साहू एवं तेजेश्वरी सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके बाद राजकीय गीत एवं राष्ट्रगीत गाकर वातावरण को देशभक्ति से सराबोर किया गया। इसके पश्चात सभी अतिथियों का स्वागत किया गया और कार्यक्रम विधिवत प्रारंभ हुआ।
मुख्य अतिथि वेद प्रकाश भगत ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है, जो राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी के सिद्धांतों और मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाएं।
मंडल अध्यक्ष दिलीप साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और इसका स्थापना दिवस पूरे देश में हर्षोल्लास एवं गौरव के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेताओं ने जो त्याग और बलिदान दिया है, वह हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है और हमें उनके आदर्शों पर चलते हुए संगठन को आगे बढ़ाना है।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक मजबूती, सुशासन, विकास एवं अंत्योदय के सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है।
इस अवसर पर भाजपा के 47वें स्थापना दिवस के मौके पर सभी कार्यकर्ताओं ने “राष्ट्र प्रथम” के संकल्प के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, सांस्कृतिक पुनर्जागरण की भावना को आगे बढ़ाने तथा निरंतर परिश्रम और निष्ठा के साथ कार्य करते रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में यदुवर गुप्ता, सीताराम गुप्ता, भाजयुमो अध्यक्ष राजेश फेंटा चौधरी, मनोज जायसवाल, गोपाल कश्यप, विनोद पैकरा, श्रीमती अनुज कुमारी साय, लक्ष्मी पैकरा, शिवा सिंह सहित मंडल के समस्त पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, सह-संयोजक, बूथ अध्यक्ष, बूथ सचिव एवं विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
