Oplus_16908290
कोनपारा में सड़क निर्माण में मिली अनियमितताएं
जशपुर। विकास खंड फरसाबहार में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति को लेकर आरईएस एसडीओ ए. सिद्धकी मंगलवार को सख्त नजर आए। उन्होंने क्षेत्र के कई ग्राम पंचायतों का दौरा कर नरेगा एवं अन्य योजनाओं के तहत संचालित कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया और जहां भी कमी पाई गई, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत कोनपारा में मनरेगा के तहत बन रही सीसी सड़क का जायजा लिया गया। इस दौरान एसडीओ ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी दिशा-निर्देश देते हुए सड़क में मिट्टी की क्यारी बनाकर नियमित रूप से पानी डालने के निर्देश दिए, ताकि सड़क मजबूत और टिकाऊ बन सके। जानकारी के अनुसार कोनपारा के सिदारपारा से प्राथमिक शाला तेतराटोली पहुंचमार्ग तक लगभग 9 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है।इसके साथ ही तालाब में पचरी निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया और संबंधितों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। ग्राम अंकिरा में पंचायत भवन तथा खारीबहार में आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ग्राम पंचायतों को 2 दिवस के भीतर कार्य में उल्लेखनीय प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।बाबूसाजबहार में भी आंगनबाड़ी भवन एवं सीएसी सेंटर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। इस दौरान एसडीओ ने संबंधित इंजीनियरों एवं रोजगार सहायकों को शासन के मापदंडों के अनुरूप कार्य करने तथा निर्माण सामग्री के सही अनुपात (रेशियो) का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।इसके अलावा एसडीओ ए. सिद्धकी ने मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों में अधिक से अधिक मजदूरों को जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को नियमित रोजगार मिल सके और निर्माण कार्य भी समयबद्ध तरीके से पूर्ण हो सके। उन्होंने रोजगार सहायकों को निर्देशित किया कि मजदूरों की संख्या बढ़ाकर कार्यों में तेजी लाई जाए।
कोनपारा में सड़क निर्माण में मिली अनियमितताएं
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत कोनपारा में मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत लगभग 5 लाख रुपये की लागत से लालसाय के कुएं से गंगा यादव के घर तक निर्मित सीसी सड़क की गुणवत्ता की भी जांच की गई। ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीओ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया।जांच में पाया गया कि सड़क निर्माण में कई प्रकार की अनियमितताएं बरती गई हैं। सड़क की मोटाई निर्धारित मापदंड के अनुरूप नहीं है और निर्माण के मात्र तीन महीने के भीतर ही गिट्टियां उखड़ने लगी हैं। कम आवागमन के बावजूद सड़क का खराब होना निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है।इस पर एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्यों में लापरवाही पाई गई तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान ये रहे उपस्थित इस निरीक्षण के दौरान संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं विभागीय इंजीनियर भी उपस्थित रहे। सभी को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी से करते हुए गुणवत्ता युक्त निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।ग्रामीणों ने भी इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे निर्माण कार्यों में पारदर्शिता आएगी और उन्हें बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
