जशपुर। कलेक्टर रोहित व्यास ने आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में जिले के सभी निजी बस ऑपरेटरों की बैठक लेकर बस संचालन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में यात्रियों की सुरक्षा, समयबद्ध संचालन, निर्धारित किराया, वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा उपकरण, प्राथमिक चिकित्सा किट और ओवरलोडिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह भी उपस्थित रहे।कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि नियमों की अनदेखी या किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उल्लंघन की स्थिति में संबंधित बस ऑपरेटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बस ऑपरेटरों को निर्देशित किया कि जशपुर बस स्टैंड में समय सीमा का पालन करते हुए बसों का संचालन करें और अनावश्यक रूप से बसों को खड़ा कर यातायात बाधित न करें। साथ ही बस स्टैंड से निकलते समय रास्ते में सवारी लेने के लिए वाहन खड़ा करने और बीच सड़क में बस रोकने पर भी सख्त मनाही की गई।कलेक्टर श्री व्यास ने बसों में क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने, नियमित फिटनेस जांच कराने, बीमा और परमिट अपडेट रखने तथा महिला, पुरुष और बच्चों के लिए समुचित बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बस चालकों का नियमित मेडिकल परीक्षण कराने, हेल्पलाइन और शिकायत नंबर बस के भीतर प्रदर्शित करने और यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखने की भी बात कही गई।उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि चालक वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें और किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं। सुरक्षा के मद्देनजर सभी चालकों और कर्मचारियों का पुलिस चरित्र सत्यापन अनिवार्य करने तथा इसकी जानकारी यातायात शाखा में देने के निर्देश दिए गए। साथ ही हर बस में फायर एक्सटिंग्विशर और फर्स्ट ऐड किट रखना अनिवार्य बताया गया।
पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी जरूरी:
एसएसपीबैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने जशपुर जिले की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि जिले में पहाड़ी और पठारी क्षेत्रों के कारण हर कुछ किलोमीटर पर ब्लैक स्पॉट मौजूद हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है।उन्होंने निर्देश दिए कि ग्रामीण और पहाड़ी मार्गों पर केवल प्रशिक्षित और अनुभवी चालकों को ही बस संचालन की जिम्मेदारी दी जाए। साथ ही चालक और कर्मचारियों को पर्याप्त विश्राम मिले, यह सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया ताकि थकान के कारण होने वाली दुर्घटनाओं से बचा जा सके।एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि बस चालकों की नियमित जांच की जाए और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।इस अवसर पर जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज, जिला बस मालिक संघ के अध्यक्ष केदार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं बस ऑपरेटर उपस्थित रहे।
