जशपुर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने अधिकारियों को नियमित जांच और छापेमारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने पर जोर दिया है।इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती महिमा पट्टावी के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त पत्थलगांव की टीम ने 24 मार्च को थाना पत्थलगांव क्षेत्र के सेन्दरीबहार में छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को उसके आवास से 30.800 लीटर देशी मदिरा के साथ गिरफ्तार किया गया।जांच में यह सामने आया कि आरोपी उक्त शराब को झारखंड से विक्रय के उद्देश्य से लाया था। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे रिमांड पर लेकर जेल भेज दिया गया है।इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक यज्ञ शरण शुक्ला, मुख्य आरक्षक सिन्हा, छक्केलाल गुप्ता, आरक्षक जुगल किशोर पटेल तथा नगर सैनिक मंजीत महेश्वरी सहित आबकारी वृत्त पत्थलगांव की टीम का सराहनीय योगदान रहा।
